OTHERS

जर्जर सड़क के निर्माण की मांग पर भूख हड़ताल रंग लाई, प्रशासन और आंदोलनकारियों में बनी सहमति

स्वयं शक्ति संगठन के युवाओं का आंदोलन सफल, प्रशासन ने जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का दिया आश्वासन; आप जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने विधायक पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिला अंतर्गत डुमरांव की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ‘स्वयं शक्ति संगठन’ के युवाओं द्वारा चलाया जा रहा भूख हड़ताल आखिरकार रंग लाया। लगातार कई दिनों तक चले आंदोलन और बढ़ते जनदबाव के बाद प्रशासन एवं आंदोलनकारियों के बीच सहमति बन गई। इसके बाद प्रशासन के प्रतिनिधि की मौजूदगी में युवाओं का अनशन समाप्त कराया गया।

 

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) बक्सर के जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव एसडीएम से वार्ता की। उन्होंने प्रशासन से युवाओं की जायज मांगों पर तत्काल पहल करने तथा अनशन समाप्त कराने की अपील की। रमेश वर्मा की पहल पर डुमरांव एसडीएम ने तत्काल अपने प्रतिनिधि को आंदोलन स्थल पर भेजा। प्रशासनिक प्रतिनिधि की मौजूदगी में आंदोलनकारियों को मिठाई खिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई गई। इस दौरान प्रशासन की ओर से जर्जर सड़क की मरम्मत एवं निर्माण प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।

 

विधायक पर वादाखिलाफी का आरोप

आंदोलनकारियों को समर्थन देने पहुंचे आप जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने स्थानीय विधायक पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले स्थानीय विधायक ने क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि विधायक बनने के एक महीने के भीतर सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। रमेश वर्मा ने कहा, “स्थानीय विधायक ने चुनाव से पूर्व क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि विधायक बनने के एक महीने के भीतर इस सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा, जो पूरी तरह कोरा साबित हुआ। जब क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए आम जनता और युवाओं को खुद ही सड़क पर उतरकर संघर्ष करना पड़े, तो ऐसे जनप्रतिनिधियों को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

जनआंदोलन की हुई सराहना

‘स्वयं शक्ति संगठन’ के युवाओं द्वारा सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए गए संघर्ष की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण लंबे समय से आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आंदोलन के बाद प्रशासन द्वारा निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन मिलने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराएगा, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button