OTHERS

आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में छात्रों को साइबर ठगी से बचाव के दिए गए महत्वपूर्ण गुर

डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर बच्चों को किया गया जागरूक, विशेषज्ञों ने कहा—सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में चलाए जा रहे “साइबर मंगलवार” जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय, गजाधरगंज, बक्सर में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। बच्चों को डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक वीडियो, फर्जी लिंक, बैंक के नाम पर लोन देने वाले फेक मैसेज, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, ओटीपी साझा न करने, व्हाट्सएप की सुरक्षा सेटिंग्स, तथा आवाज बदलकर की जाने वाली धोखाधड़ी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

 

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समझाया कि यदि थोड़ी भी लापरवाही बरती जाए तो उनका मोबाइल फोन ही साइबर अपराधियों के लिए माध्यम बन सकता है। इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अज्ञात कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और वक्ताओं ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता, जागरूकता और सही जानकारी ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

इस जागरूकता कार्यक्रम में रंजीत कुमार, अजय पाल, प्रकाश पाठक, दीपिका राय, एकता त्रिवेदी, खुशबू कुमारी, प्रिया कुमारी एवं कविता मौर्य सहित विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button