NEET पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, बक्सर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन
अंबेडकर चौक पर ढाई घंटे तक चला शांतिपूर्ण धरना, परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठी मांग; प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शिक्षा व्यवस्था में सुधार, NEET परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को बक्सर के अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन दोपहर 1:30 बजे राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं का कहना था कि देशभर में लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका आरोप था कि ऐसी घटनाओं से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने हेतु प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में जनता और छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। अंबेडकर चौक पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडे, सदर एसडीएम अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
छात्रों की प्रमुख मांगें
NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई।
शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार।
परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
प्रदर्शन के समापन पर छात्रों ने राष्ट्रगान गाकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर और तेज किया जाएगा।





