राजपुर और कैथना में मॉडल +2 विद्यालयों का मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया लोकार्पण, विधायक संतोष कुमार निराला ने किया विधिवत उद्घाटन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया लोकार्पण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में बताया बड़ा कदम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में रविवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। राजपुर प्रखंड स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) +2 उच्च विद्यालय तथा इटाढ़ी प्रखंड के कैथना स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) +2 एस.जे.के. उच्च विद्यालय का विधिवत शुभ उद्घाटन राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोनों विद्यालयों का लोकार्पण करते हुए नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल विद्यालयों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मॉडल विद्यालयों की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और प्रतिस्पर्धी माहौल मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय भवन का अवलोकन किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने इसे राजपुर एवं इटाढ़ी प्रखंड के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य पहल बताया।
इस अवसर पर विधायक संतोष कुमार निराला ने विद्यालय के निर्माण एवं संचालन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समिति तथा संबंधित सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





