OTHERS

बक्सर इटाढ़ी रोड पीसी कॉलेज गेट के सामने जलजमाव बना मुसीबत, हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित

युवा खरवार महासभा ने जिला प्रशासन और विधायक आनंद मिश्र से लगाई गुहार, बरसात में दुर्घटना की आशंका बढ़ी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर–इटाढ़ी मुख्य मार्ग स्थित पीसी कॉलेज गेट के सामने जलजमाव की गंभीर समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। सड़क पर जमा पानी के कारण प्रतिदिन हजारों राहगीरों, छात्र-छात्राओं, मरीजों तथा धनसो, इटाढ़ी और आसपास के दर्जनों गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पीसी कॉलेज गेट के सामने सड़क पर जलजमाव लंबे समय से बना हुआ है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़क तालाब का रूप ले लेती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। युवा खरवार महासभा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने इस गंभीर जनसमस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं बक्सर विधायक आनंद मिश्र से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र के लोग पहले से ही ओवरब्रिज और इटाढ़ी रेलवे गुमटी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में पीसी कॉलेज गेट के सामने जलजमाव ने आम लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।

 

राजेश खरवार ने कहा कि बिहार सरकार जनहित और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन की भी जिम्मेदारी है कि वह आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाए और इस जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दिनों में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क की समुचित मरम्मत, प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। साथ ही विश्वास जताया कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेंगे, जिससे बक्सर–इटाढ़ी मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिल सके और आम जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button