CRIME

दानापुर–वलसाड स्पेशल ट्रेन में यात्री का मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर बक्सर स्टेशन पर दबोचा गया, RPF की सतर्कता से बरामद हुआ महंगा स्मार्टफोन

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत RPF की विशेष टीम की कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने की बात कबूली, जीआरपी को सौंपा गया

न्यूज विज़न। बक्सर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी के दौरान RPF की टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके पास से चोरी का महंगा स्मार्टफोन बरामद किया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने दानापुर–वलसाड स्पेशल ट्रेन में भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था।

रेलवे सुरक्षा बल बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष निगरानी टीम के उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, प्रधान आरक्षी अशोक कुमार तथा आरक्षी दीपक कुमार स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में तेजी से भागता दिखाई दिया। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजन कुमार उर्फ रंजन (उम्र लगभग 28 वर्ष), ग्राम सिकरौल लख, जिला बक्सर बताया।

तलाशी लेने पर उसके पास से एक महंगा स्मार्टफोन बरामद हुआ। जब मोबाइल के संबंध में पूछताछ की गई तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गाड़ी संख्या 09026 दानापुर–वलसाड स्पेशल ट्रेन में रात के समय यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री की जेब से मोबाइल चोरी किया था।

आरोपी के स्वीकारोक्ति और बरामद मोबाइल के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर के सुपुर्द कर दिया।

RPF अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन पर दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button