CRIME

डुमरांव में मोबाइल दुकान पर हथियार के साथ चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़, देसी कट्टा-कारतूस समेत तीन युवक गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि; दुकान से 5 मोबाइल, 750 एमएल शराब, देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय बाजार स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हथियार के साथ शराब पार्टी कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, करीब 750 एमएल शराब और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों की मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरांव के ‘राहुल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर’ में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं और शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोबाइल दुकान पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही दुकान के अंदर मौजूद तीन युवक शराब पीते हुए मिले। इसी दौरान एक युवक ने अपने पास मौजूद हथियार को छिपाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता के कारण उसकी कोशिश विफल हो गई और तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने दुकान की गहन तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, लगभग 750 एमएल शराब की बोतल तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी जब्त सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

 

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार मिश्रा उर्फ भीम (पिता- बैकुंठ नाथ मिश्रा, तिवारी टोला, डुमरांव), राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार (पिता- विजय प्रसाद, राजगढ़ चौक, डुमरांव) तथा वशिष्ट जी तिवारी (पिता- कमलेश तिवारी, उपाध्यापुर, औद्योगिक थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वशिष्ट जी तिवारी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं ही देसी कट्टा और कारतूस लेकर मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। वहीं, मेडिकल जांच रिपोर्ट में तीनों युवकों द्वारा शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और उसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं। साथ ही जब्त किए गए मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button