रोटरी क्लब बक्सर का ऐतिहासिक रक्तदान शिविर सफल, 20 यूनिट रक्त संग्रह कर मानवता की मिसाल बने रक्तवीर
डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में आयोजित शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह से किया गया सम्मानित, रेड क्रॉस बक्सर की टीम ने निभाई अहम भूमिका


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब बक्सर द्वारा अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में एक भव्य एवं ऐतिहासिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार और जनसेवा को समर्पित इस आयोजन ने जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को मानव जीवन बचाने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
रक्तदान शिविर में लगभग 20 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो रोटरी क्लब बक्सर के सेवा इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। शिविर में शामिल सभी रक्तदाताओं ने यह संदेश दिया कि “रक्तदान महादान है” और एक यूनिट रक्त किसी अनजान जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। शिविर में रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से डॉ. दिलशाद आलम, मनीष पांडेय, एस.एम. साहिल, मनोज वर्मा, मंजेश केसरी, अनिल जायसवाल, परशुराम जी, गोपाल केसरी, रियासत अली, विजय मनसिंघका, राहुल कुमार, सोनू वर्मा, वीरेंद्र सिंह, प्रकाश जी एवं राजा बाबू सहित लगभग 20 रक्तवीरों ने भाग लिया। सभी रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदान शिविर के उपरांत सभी रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “ब्लड डोनर सर्टिफिकेट” तथा आकर्षक स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ रक्तदाताओं का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पीडीजी डॉ. सी.एम. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके अलावा रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम, सचिव एस.एम. साहिल, प्रोजेक्ट चेयर दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह, अध्यक्ष निर्वाचित निर्मल कुमार सिंह, सचिव निर्वाचित मनोज, रोहतास गोयल, कृष्णानंद सिंह, प्रदीप जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष मनीष पांडेय, राजेश केसरी, विवेक केसरी, प्रिंस जायसवाल सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को रोटरी क्लब बक्सर की ओर से सम्मान स्वरूप स्मृति कप (ऑनर कप) प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने क्लब के इस जनहितकारी प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
रक्त संग्रहण का कार्य रेड क्रॉस बक्सर की प्रशिक्षित टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस दौरान मुकेश जी एवं अन्य तकनीशियनों ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने रेड क्रॉस बक्सर की पूरी टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्पण के बिना इस प्रकार का सफल आयोजन संभव नहीं था। अपने संबोधन में डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है तथा यह रक्तदान शिविर उसी गौरवशाली सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों और सामाजिक महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि नियमित रक्तदान से जहां गंभीर मरीजों को जीवनदान मिलता है, वहीं रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उपस्थित लोगों को भविष्य में नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब बक्सर की ओर से सभी रक्तदाताओं, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, रेड क्रॉस बक्सर की टीम, सहयोगी संस्थाओं तथा उपस्थित जनसमूह के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। रक्तदान शिविर ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास और सेवा भावना के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
“रक्तदान महादान: एक यूनिट रक्त, कई जिंदगियों के लिए जीवनदान”।





