CRIME

कटरिया में देर रात धधकी यात्री बस, राख में बदली लाखों की संपत्ति

दो हफ्ते में दूसरी बस जलाने की घटना से इलाके में सनसनी, पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई की आशंका तेज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरिया गांव से गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दरवाजे पर खड़ी एक यात्री बस को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस जलकर पूरी तरह राख में तब्दील हो गई। इस घटना में बस मालिक को लाखों रुपये की भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत, तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जली हुई बस किशुनीपुर मड़निया गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव की बताई जा रही है। यह बस पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन कटरिया से बक्सर के बीच यात्रियों का आवागमन करती थी। रोज की तरह गुरुवार की शाम चालक बस को कटरिया गांव में एक दरवाजे पर खड़ी कर अपने घर चला गया था। ग्रामीणों के मुताबिक देर रात अचानक बस से आग की तेज लपटें उठने लगीं। जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि पूरी बस कुछ ही देर में जलकर राख बन गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई। थानाध्यक्ष निवास कुमार तथा एसआई सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है। इस घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला सिर्फ आगजनी का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई से भी जुड़ा हो सकता है। दरअसल, महज दो सप्ताह पहले 13 मई को बन्नी पंचायत के भरखरा गांव में भी इसी तरह एक खड़ी बस में आग लगा दी गई थी। उस मामले में सुरेंद्र सिंह यादव को नामजद आरोपी बनाया गया था।

अब ठीक दो सप्ताह बाद सुरेंद्र सिंह यादव की खुद की बस को आग के हवाले कर दिए जाने से लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि यह घटना किसी सुनियोजित साजिश या प्रतिशोध का हिस्सा हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं राजपुर पुलिस से मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बस आगजनी की घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। यदि समय रहते आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं आगे भी दोहराई जा सकती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button