OTHERS

बक्सर नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, सभी पुराने सदस्यों पर फिर जताया गया भरोसा

तीन सदस्य निर्विरोध चुने गए, दो सीटों पर हुआ मतदान; पूर्व की समिति का हुआ नवीनीकरण

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर आयोजित चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। इस चुनाव में पूर्व के सभी सदस्यों पर एक बार फिर पार्षदों ने भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा समिति में चुना। चुनाव प्रक्रिया नगर परिषद सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम बक्सर अविनाश कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जिसमें नगर परिषद के कुल 13 पार्षद उपस्थित रहे। समिति के गठन के लिए कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें से तीन उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। निर्विरोध चुने गए सदस्यों में राजू कुमार राय उर्फ झब्बू राय, दिलीप कुमार एवं अंजू सिंह शामिल हैं।

 

वहीं दो सीटों के लिए मतदान कराया गया। पार्षद बबन सिंह के खिलाफ चक्रवर्ती चौधरी मैदान में थे, जबकि पार्षद मनोज कुमार गुप्ता के विरोध में जगदीश कुमार ने नामांकन किया था। मतदान के दौरान बबन सिंह को कुल 10 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चक्रवर्ती चौधरी को दो मत मिले। दूसरी ओर मनोज कुमार गुप्ता को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि जगदीश प्रसाद को तीन मत मिले।

इस प्रकार बबन सिंह एवं मनोज कुमार गुप्ता सहित पूर्व के कुल पांच सदस्यों का पुनः चयन हुआ और समिति का नवीनीकरण संपन्न हुआ। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके पश्चात शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला उप विकास आयुक्त निहारिका छवि आब्जर्वर के रूप में मौजूद रहीं। साथ ही नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटे रहे।

चुनाव संपन्न होने के बाद मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियमतुला फरीदी ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने पूर्व की समिति पर भरोसा जताते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई समिति नगर परिषद क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button