कैबिनेट से मिली मंजूरी, अब बदलेगी बक्सर जिले की सड़को की तस्वीर
ब्रह्मपुर-कोरनसराय-ईटाढ़ी-सरेंजा एवं उजियारपुर-कुकुढ़ा-जमुआंव-इंदौर-समदा पथ चौड़ीकरण को लेकर कैथना गांव में खुशी की लहर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के चिलहर पंचायत अंतर्गत कैथना गांव में उस समय खुशी का माहौल देखने को मिला, जब बिहार सरकार के कैबिनेट द्वारा ब्रह्मपुर-कोरनसराय-ईटाढ़ी-सरेंजा तथा उजियारपुर-कुकुढ़ा-जमुआंव-इंदौर-समदा पथ के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिलने की खबर ग्रामीणों तक पहुंची। इस ऐतिहासिक निर्णय पर गांव के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बिहार के तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर पैक्स अध्यक्ष सुजीत सिंह संटू की अध्यक्षता में कैथना गांव में प्रबुद्धजनों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से इन सड़कों के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जो अब जाकर पूरी होने जा रही है। बैठक को संबोधित करते हुए पैक्स अध्यक्ष सुजीत सिंह संटू ने कहा कि वर्ष 2022 में तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन का कैथना गांव में आगमन हुआ था। उस दौरान ग्रामीणों ने उनसे दोनों सड़कों के चौड़ीकरण की मांग की थी। मंत्री ने उसी समय ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि इन सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नितिन नवीन के पथ निर्माण मंत्री रहते हुए ही सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी। विभाग द्वारा सड़क की मापी एवं प्राक्कलन का कार्य पूरा कराया गया था और अब बिहार सरकार के कैबिनेट द्वारा इसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और जन-आकांक्षा की पूर्ति है। ग्रामीणों ने इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा वर्तमान पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण होने से क्षेत्र के सैकड़ों गांव सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी, जिससे पूरे इलाके के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।





