रघुनाथपुर बाजार में बाल श्रम पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
ऑटो केयर सेंटर से बाल श्रमिक मुक्त, दोषी नियोजकों पर प्राथमिकी की तैयारी; पीड़ित बच्चे को मिलेगी सरकारी सहायता राशि


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला के निर्देश पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा गठित बाल श्रमिक धावा दल ने ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर बाजार स्थित विनोद ऑटो केयर सेंटर में छापेमारी कर एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया।
कार्रवाई के बाद मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, बाल श्रम कराने वाले दोषी नियोजकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि विमुक्त बाल श्रमिक को सरकार की तरफ से तत्काल सहायता राशि के रूप में 3000 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 हजार रुपये की राशि बच्चे के खाते में जमा कर एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) कराई जाएगी, ताकि उसके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
इस विशेष अभियान में अमरजीत कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ब्रह्मपुर (बक्सर), अमित कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चक्की-सह-डुमरांव (बक्सर) तथा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान से अजित कुमार शामिल रहे। अभियान को सफल बनाने में ब्रह्मपुर थाना पुलिस बल की भूमिका भी सराहनीय रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बक्सर जिले में बाल श्रम को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक बनें और किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।





