OTHERS

लोयोला स्कूल में ‘समर वॉटर पूल’ बना बच्चों के लिए मिनी बीच, गंगा रेत और झरने के बीच जमकर मस्ती

कृत्रिम वॉटर पूल, झरना और बीच थीम से सजा स्कूल परिसर, गर्मियों की छुट्टियों से पहले बच्चों को मिला खास फन डे

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिला मुख्यालय के पांडेय पट्टी स्थित एक विद्यालय में गर्मियों की छुट्टियों से पहले बच्चों के लिए खास ‘समर वॉटर पूल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पूरे स्कूल परिसर को इस तरह सजाया गया कि बच्चों को समुद्र किनारे जैसा अहसास हो. कृत्रिम वॉटर पॉइंट, छोटा झरना और गंगा की रेत बिछाकर पूरा वातावरण बीच थीम में बदल दिया गया. बच्चे पानी में खेलते हुए और संगीत की धुन पर नाचते हुए खूब आनंदित नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान स्पीकर पर बज रहे गानों की धुन पर बच्चे जमकर थिरके. उनके लिए खरबूज, शीतल पेय और विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई थी. बच्चों ने मस्ती के साथ-साथ बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और इस यादगार दिन को कैमरे में कैद किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस आयोजन को बच्चों के लिए एक रिफ्रेशिंग अनुभव बताया गया, जिससे वे पढ़ाई के तनाव से कुछ समय के लिए मुक्त होकर आनंद ले सकें।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्या समीक्षा तिवारी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान शिक्षिका आयुषी, खुशी, रोशनी, चांदनी तथा शिक्षक अमृत ठाकुर सहित अन्य शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मियों ने सहयोग किया। प्राचार्या समीक्षा तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं. इससे उनमें रचनात्मकता, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव बढ़ता है. उन्होंने कहा कि आगे भी बच्चों के लिए इसी तरह के मनोरंजक और शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के समापन के साथ ही विद्यालय में गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा भी कर दी गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button