जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
50 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विधायक आनंद मिश्रा ने विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर में रविवार को बक्सर वूशु संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय घोषित वूशु प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से लगभग 50 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और मुकाबले रोमांचक रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन बक्सर वूशु संघ के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, महासचिव मुकेश कुमार, मुख्य संरक्षक डॉ. अरविंद कुमार, ओरल सर्जन डॉ. रोहित कुमार, लाइंस क्लब सदस्य नाजिम अहमद तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीक्षा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में बक्सर विधायक आनन्द मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य का माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से लगातार मेहनत कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सब जूनियर बालिका वर्ग अंडर 30 किलोग्राम में रिद्धि सिंह ने गोल्ड मेडल हासिल किया। सब जूनियर बॉयज वर्ग में अंडर 32 किलोग्राम में सूर्य प्रताप सिंह तथा अंडर 65 किलोग्राम में श्लोक कुमार विजेता बने। जूनियर गर्ल्स वर्ग में अंडर 45 किलोग्राम में शालू कुमारी, अंडर 48 किलोग्राम में दिया कुमारी, अंडर 52 किलोग्राम में शिवानी कुमारी तथा अंडर 65 किलोग्राम में मंशा कुमारी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। जूनियर बॉयज वर्ग में अंडर 52 किलोग्राम में विक्रमादित्य कुमार, अंडर 56 किलोग्राम में धनंजय सिंह, अंडर 60 किलोग्राम में आकाश यादव, अंडर 65 किलोग्राम में रमन उपाध्याय, अंडर 75 किलोग्राम में अमित यादव तथा अंडर 90 किलोग्राम में आशुतोष चौबे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।
सीनियर गर्ल्स वर्ग में अंडर 45 किलोग्राम में लक्ष्मी कुमारी, अंडर 48 किलोग्राम में दीक्षा कुमारी, अंडर 52 किलोग्राम में खुशी श्रीवास्तव, अंडर 56 किलोग्राम में प्रियांशु कुमारी, अंडर 60 किलोग्राम में अमीषा कुमारी, अंडर 65 किलोग्राम में निकिता कुमारी, अंडर 70 किलोग्राम में माया कुमारी, अंडर 75 किलोग्राम में निभा कुमारी तथा अंडर 80 किलोग्राम में सोनिया भारती ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने बक्सर वूशु संघ की सराहना की। आयोजन ने जिले में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने का कार्य किया।





