100% रिजल्ट के साथ हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर ने रचा इतिहास, अंबरीश और आशीष बने टॉपर
मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का दिखा शानदार परिणाम : डॉ. प्रदीप पाठक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम में हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय ने शत-प्रतिशत (100%) परिणाम हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। खास बात यह रही कि एक भी छात्र अनुत्तीर्ण नहीं हुआ, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित प्रयासों का प्रमाण है।
इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में अंबरीश आनंद पाठक और आशीष राज ने 94% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्वस्तिका राय ने 93.2% अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। कस्तूरी मिश्रा (91.4%) और नमन पाण्डेय (91.2%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर टॉपर्स की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। विद्यालय के प्रेसिडेंट श्री प्रेम कुमार पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास की सच्ची पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन की यह परीक्षा केवल एक पड़ाव है, आगे और भी बड़े लक्ष्य उनका इंतजार कर रहे हैं।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने जिस लगन और अनुशासन के साथ तैयारी की, उसी का परिणाम आज सामने है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। वहीं विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि हेरिटेज परिवार के हर सदस्य के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यालय परिसर में इस शानदार परिणाम के बाद खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी है।
वीडियो देखें :





