आंबेडकर जयंती पर बस्ती में शिक्षा का उजाला: जरूरतमंद बच्चों को बांटी गई पाठ्य सामग्री
महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट व मां निर्मला देवी फाउंडेशन की पहल, “शिक्षित बनो” के संदेश को किया साकार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
समता, न्याय और बंधुत्व के उच्च आदर्शों से प्रेरित भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट एवं मां निर्मला देवी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रामरेखा घाट के समीप स्थित बस्ती में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बाबा साहेब के “शिक्षित बनो” के संदेश को धरातल पर उतारते हुए बस्ती के जरूरतमंद एवं मेधावी बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबड़, कटर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मां निर्मला देवी फाउंडेशन के फाउंडर एवं सचिव डॉ. रास बिहारी शर्मा ने कहा कि बच्चों को अंबेडकर जी के बचपन के प्रेरणादायक प्रसंगों से अवगत कराना जरूरी है, ताकि वे अभावों के बावजूद शिक्षा के महत्व को समझ सकें।
संस्था की अध्यक्ष अनुराधा कुमारी ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार समाज को दिशा देते रहेंगे। वहीं महर्षि विश्वामित्र ट्रस्ट के फाउंडर आदित्य सिंह ने कहा कि असली उत्सव वही है, जब हम किसी जरूरतमंद के काम आएं। बच्चों की आँखों में दिख रही खुशी ही बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा गरीबी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। इस मौके पर बंटी पटेल, अभिषेक गुप्ता, ओंकार शर्मा, अजय कुमार, शुकदेव सिंह, देव पांडे समेत कई गणमान्य लोग एवं बस्ती के बच्चे उपस्थित रहे।





