खुशियों के घर में पसरा मातम: भाई की बारात से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के एक गांव में जहां शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बहन की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, सिमरी निवासी अली हुसैन अपने भाई इम्तियाज की बारात में शामिल होने भोजपुर जिले के गजराजगंज गए थे। मंगलवार की सुबह बारात से लौटते समय अली हुसैन अपने मामा के साथ बाइक से घर वापस आ रहे थे। तभी मझवारी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस घर में आज बहन की बारात आने वाली थी, उसी घर से भाई की अर्थी उठने की नौबत आ गई। यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल की लापरवाही ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।





