भादा गांव में शादी के दौरान हर्ष फायरिंग, पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; 6 युवक गिरफ्तार
बगेन गोला थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ पहुंचे थे युवक, दो देसी कट्टा व कारतूस बरामद; एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम की कार्रवाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत भादा गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले छह युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विवाह समारोह में अवैध हथियार से फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपियों को दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि रामेश्वर साह की बेटी की शादी में कुछ युवक हथियार लेकर पहुंचे हैं और नाच कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान घटनास्थल से संदेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर धीरज पांडेय, सोनू यादव, विंध्याचल कुमार, विकास कुमार और रजनीश कुमार को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थल पर फायरिंग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





