CRIME

बैंक से निकाले 3 लाख रुपये कार का शीशा काट उड़ा ले गए उचक्के, CCTV खंगाल रही पुलिस

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण सोमवार को देखने को मिला। बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे दो भाइयों को रास्ते में ही उचक्कों ने अपना निशाना बना लिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गोला मोड़ के समीप हुई, जहां अपराधियों ने कार का शीशा काटकर सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष राजेश राय अपने भाई सुनील राय के साथ स्टेट बैंक चौसा से दोपहर के समय तीन लाख रुपये निकालकर गांव लौट रहे थे। करीब दो बजे दोनों भाई चौसा गोला मोड़ के पास पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर चाय-पान करने लगे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी, जो कथित रूप से बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे, मौके का फायदा उठाते हुए कार के पास पहुंचे। तेज धारदार औजार से गाड़ी का शीशा काटकर सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया और देखते ही देखते फरार हो गए। जब दोनों भाई वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।

 

घटना की सूचना तुरंत मुफस्सिल थाने को दी गई। चूंकि चौसा गोला बाजार इसी थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक गाड़ी के आसपास मंडराते दिखाई दिए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शीशा काटने के लिए विशेष औजार का इस्तेमाल किया गया होगा, जिससे बिना शोर-शराबे के वारदात को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी।

बताया जाता है कि दोनों भाइयों ने बैंक से कुल पांच लाख रुपये निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन उस समय बैंक में 100-100 रुपये के नोटों की गड्डियां ही उपलब्ध थीं। अधिक मात्रा होने के कारण वे केवल तीन लाख रुपये ही ले सके। इस प्रकार दो लाख रुपये की राशि लूट से बच गई। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button