CRIME

चौसा-कोचस मार्ग पर पानी भरे चाट में मिली 65 वर्षीय महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सरेंजा गांव के समीप पानी भरे चाट में एक 65 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान रोहतास जिला के कोचस निवासी लाली कुंवर के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर टहलने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे पानी से भरे चाट में एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। यह खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एसएफएल (वैज्ञानिक अनुसंधान) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की। तलाशी के दौरान मृतका के पास से एक झोला बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड और बैंक पासबुक मिले। दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान कोचस निवासी रामचंद्र की पत्नी लाली कुंवर के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

 

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जानकारी में आया है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पिछले कुछ दिनों से राजपुर क्षेत्र में देखी गई थी। वह यहां तक कैसे पहुंची, यह जांच का विषय है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button