गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, स्थानीय लोगों की सतर्कता से बची जान




न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत के महादेवा घाट पर शनिवार की सुबह गंगा स्नान करने गए चार दोस्तों में से एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।







प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चौसा वार्ड नंबर 14 निवासी चार युवक प्रिंस मालाकार (16 वर्ष), दीपक, सागर और चंदन शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि चारों किसी काम से निकले थे और उसके बाद महादेवा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंच गए। स्नान के दौरान अचानक प्रिंस का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव और गहराई के कारण वह डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने जब यह देखा तो घबरा गए और चिल्ला-चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
दोस्तों की आवाज सुनकर घाट पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए। कुछ लोग पानी में उतरे और कठिन प्रयासों के बाद डूब रहे प्रिंस को बाहर निकाला। बाहर लाने के बाद मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया और पेट से पानी निकालने की कोशिश की गई।
अस्पताल में भर्ती, अब खतरे से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही लोगों ने उसे तत्काल चौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को अब सामान्य बताया है।
जनप्रतिनिधि ने पहुंचकर लिया हालचाल
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत चौसा के उप चेयरमैन प्रतिनिधि विकास राज अस्पताल पहुंचे और पीड़ित के परिवार के साथ मिलकर डॉक्टरों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रिंस अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था और गंगा स्नान के दौरान यह हादसा हो गया। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया है कि अब उसकी हालत सामान्य है। भगवान का शुक्र है कि बच्चा खतरे से बाहर है।

