कोईलवर तटबंध पर चल रहे कटाव निरोधी कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल द्वारा बक्सर कोईलवर तटबंध पर फुली मिश्र के डेरा एवं केशोपुर में कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया गया। जहां 551 लाख की लागत से फुली मिश्र के डेरा एवं केशोपुर में 320 मीटर की लंबाई में कटाव निरोध कार्य कराया जा रहा है। कार्य का स्वरूप Anti Erosion work, two layer Geo bag slope pitching।







कार्यपालक अभियंता बाढ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर द्वारा बताया गया कि इस वर्ष बाढ़ की संभावना के दृष्टिकोण से पूर्व में ही बांध को सुरक्षित करने की कार्रवाई की जा रही है। इसमें Anti-erosion का कार्य कराया जा रहा है। विभागीय अनुमोदन के पश्चात प्राक्कलन तैयार कर 22 अप्रैल को चयनित एजेंसी के साथ एग्रीमेंट कर लिया गया है। एजेंसी के द्वारा विभागीय गाइडलाइंस के अनुसार तत्परता से कार्य किया जा रहा है। विभागीय पदाधिकारी द्वारा इसका नियमित रूप से अनुश्रवण किया जा रहा है। यह कार्य 31 मई 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के क्रम में 35 प्रतिशत कार्य पूर्ण पाया गया। कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में मजदूर एवं सामग्री आदि पाये गये। कार्यपालक अभियंता बाढ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि गुणवता के साथ ससमय कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।

कार्यपालक अभियंता बाढ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर के द्वारा निरीक्षण के क्रम में आवश्वस्त कराया गया कि यह कार्य पूर्ण होने पर कटाव की समस्या नहीं रहेगी। अनुमंडल पदाधिकारी डुमराँव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरी को निर्देश दिया गया कि कटाव निरोध कार्य का प्रति सप्ताह निरीक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे। मुख्यमंत्री बिहार सरकार के द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध सुदृढ़ीकरण, कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य की घोषणा की गई थी। बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के कि0मी0 0.00 से कि0मी0 51.72 के बीच तटबंध के सुदृढ़ीकरण, कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य के लिए कुल 18126.863 लाख रूपये (एक सौ इक्यासी करोड़ छब्बीस लाख छियासी हजार तीन सौ रूपये मात्र) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
वर्तमान में चयनित एजेंसी के साथ दिनांक 15 मई को एकरनामा कर लिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि आगामी एक सप्ताह के अंदर कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करेंगे। गंगा नदी के किनारे तटबंध में प्रायः कटाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सरकार द्वारा इस निर्णय से तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं मजबूतीकरण से बाढ़ के दिनों में कटाव से सुरक्षा प्राप्त होगा। सिमरी, चक्की एवं ब्रह्मपुर प्रखण्ड के बाढ़ प्रवण क्षेत्र में आपदा के दौरान राहत पहुँचाने में उपयोगी साबित होगा।
बक्सर जिले के दूरस्थ तटबंध वाले इलाके जैसे उमरपुर, केशोपुर, गंगौली, जवही, अमौर आदि को जिला मुख्यालय से सीधी संपर्कता प्रदान होगी। तटबंध के किनारे रहने वाले क्षेत्र का व्यवसायिक विकास होगा। बक्सर से डुमरांव अनुमंडल जाने हेतु एक सुगम वैकल्पिक मार्ग प्रदान होगा। निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी डुमराँव, कार्यपालक अभियंता बाढ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

