मेजर ध्यानचंद की जयंती पर तीन दिवसीय खेलकूद कार्यक्रम का शुभारंभ
बक्सर में राष्ट्रीय खेल दिवस का भव्य आयोजन




न्यूज विज़न। बक्सर
जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। खेल विभाग एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। यह दिवस हॉकी के जादूगर और भारत रत्न मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है।









इस वर्ष का राष्ट्रीय खेल दिवस का थीम “एक घंटा खेल के मैदान में” रखा गया है, जो समाज को एकजुट करने और लोगों को खेल व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश देता है। इसी कड़ी में फिट इंडिया मिशन के तहत जिले में तीन दिवसीय जन आंदोलन चलाया जाएगा। कला भवन बक्सर में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद जूडो खिलाड़ियों ने पिरामिड बनाकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।






कुश्ती प्रतियोगिता
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण कुश्ती प्रतियोगिता रही। जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। प्रतियोगिता तीन अलग-अलग भार वर्गों में आयोजित हुई जिसमें 50-60 किलोग्राम वर्ग : कुश जी ने स्वर्ण पदक जबकि रूद्र दुबे ने रजत पदक जीता। 60-70 किलोग्राम वर्ग : चंद्रशेखर यादव ने स्वर्ण पदक एवं धीरज कुमार ने रजत पदक हासिल किया। 70-80 किलोग्राम वर्ग : दीपक कुमार स्वर्ण पदक विजेता बने जबकि वीर बहादुर को रजत पदक प्राप्त हुआ। निर्णायक की भूमिका अमला यादव, सत्येंद्र कुमार सिंह एवं राकेश यादव ने निभाई।
हॉकी मैच
फाउंडेशन स्कूल बक्सर में मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए हॉकी मैच का आयोजन किया गया। बालक वर्ग में बक्सर बनाम पटना के बीच मुकाबला हुआ। बालिका वर्ग में बक्सर बनाम भोजपुर की टीमों के बीच खेला गया।
खिलाड़ियों का सम्मान
विजयी खिलाड़ियों को वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक (शारीरिक शिक्षा), आदित्य कुमार ने मेडल और नगद राशि देकर सम्मानित किया। विजेता को ₹2000 एवं उपविजेता को ₹1000 की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर श्री कुमार ने खिलाड़ियों को खेलों में अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर कन्हैया जी प्रशाखा पदाधिकारी, मदन जी कार्यपालक सहायक, अशोक कुमार, संजय कुमार, अश्विनी राय, सत्येंद्र सिंह यादव, त्रिलोकी नाथ तिवारी, वशिष्ठ प्रसाद, नीतीश कुमार, सच्चिदानंद, राजू कुमार, दयाशंकर पाल, अशोक कुमार, अनिल कुमार पाल, सुरेन्द्र कृष्ण, मो. मुस्लिम, मोहन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस का महत्व
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 29 अगस्त का दिन केवल एक स्मृति दिवस नहीं बल्कि खेलों के प्रति नई ऊर्जा और जुनून की शुरुआत है। यह दिन देश को यह याद दिलाता है कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और स्वस्थ भारत बनाने की प्रेरणा भी है।

