प्रिया बनी सीडीपीओ तो ससुराल और मायके में बंट रही है मिठाईयां
प्रिया ने शादी से पहले दिया मेंस और बाद में हुआ इंटरव्यू




न्यूज विजन। बक्सर
जिले में प्रतिभा की कमी नही है प्रतियोगी परीक्षा में जिला लगातार इतिहास लिख रहा है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले के छात्र-छात्राएं बेहतर प्रदर्शन कर जिले को गर्वान्वित कर रहे है। इसी क्रम में डुमराँव की बहु प्रिया कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन की है। प्रिया को यह सफलता पहले ही प्रयास में मिली है। प्रिया मूलरूप से डुमराँव अनुमंडल अंतर्गत सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव के रहने वाले ललन मिश्रा की बेटी है। जबकि, प्रिया की शादी डुमराँव प्रखंड के खिरौली गाँव निवासी शिक्षक परमानन्द चौबे के इकलौते बेटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर विकास चौबे से इसी साल फरवरी माह में हुई है। प्रिया की इस सफलता से ससुराल के साथ साथ मायके में भी खुशी का माहौल है।
कामयाबी पर मिल रही बधाई:








प्रिया BPSC परीक्षा में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी यानी सीडीपीओ पद के लिए चयनित हई है। प्रिया ने बताया कि यह परीक्षा 55 पदों के लिए ली गई थी जिसका विज्ञापन 2021 में आया था। जिसके लिए उन्होंने आवेदन अप्लाई की थी। उन्होंने बताया कि शादी से पहले प्री और मेंस की परीक्षा दे चुकी थी वही शादी के बाद इंटरव्यू दी। वही जब मेरिट लिस्ट जारी हुआ तो उसमे सीडीपीओ पद के लिए सेलेक्ट हो गई। प्रिया ने बताया कि प्रथम प्रयास में मिले इस सफलता से वह काफी खुश है। ससुराल तथा मायके में मिठाई बांटी जा रही है। उन्होंने ने बताया कि उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
प्रिया की शिक्षा :



प्रिया के पिता ललन मिश्रा एक प्रतिष्ठित व्यवसायी है जबकि माता आशा देवी गृहणी है। प्रिया चार भाई-बहन में सबसे बड़ी है। प्रिया ने प्रारम्भिक शिक्षा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उसने अपनी मैट्रिक की पढाई आरा कैथोलिक हाई स्कूल से की है। जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई संत माइकल प्लस टू पटना से की है। इसके बाद आर.पी. शर्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पटना से बीटेक की। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह 2019 में सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू कर दी। इस बीच लॉक डाउन लग गया तो घर पर रहकर सेल्फ स्टडी की। प्रिया ने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि वह कामयाब जरूर होंगी इसलिए पूरे मेहनत और लगन से पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद उन्हें ससुराल में पढ़ाई का अच्छा महौल मिला तभी सफलता मिली है।
बहु की सफलता पर ससुराल के लोगो को है गर्व:
वही प्रिया अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता,सास-ससुर और पति के साथ साथ अपनी छोटी बहन कुमारी लता को दी है. प्रिया ने बताया कि उनकी मेहनत और दोनों परिवारों के सहयोग से मंजिल तक पहुँची है। प्रिया ने बताया कि दृढ़ संकल्प के साथ परिश्रम करने से निश्चित तौर पर सफलता मिलती है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य है कि वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बने,इसके लिए यूपीएससी की तैयारी अभी से कर रही है। वही प्रिया के ससुर शिक्षक परमानन्द चौबे ने कहा कि उन्हें उनकी बहू पर गर्व है जिसने परिवार का मान सम्मान बढ़ाया है।

