नहर में उतराया मिला 30 वर्षीय युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप
मंगलवार शाम घर से टहलने निकला था राज बहादुर राम, पूरी रात तलाश के बाद बुधवार सुबह नहर में मिला शव; प्रथमदृष्टया हादसे की आशंका, एफएसएल टीम ने भी की जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर/डुमरांव
बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत ओझाबरांव गांव में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रविदास मंदिर के समीप नहर में एक 30 वर्षीय युवक का शव उतराया हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान ओझाबरांव गांव निवासी राज बहादुर राम, पिता स्व. इंद्रदेव राम के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि राज बहादुर राम मंगलवार की शाम घर से टहलने के लिए निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। इसी बीच बुधवार की सुबह ग्रामीणों की नजर रविदास मंदिर के समीप नहर में उतराए शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की पहचान राज बहादुर राम के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया एवं पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, डुमरांव के सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार तथा डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी ली। पुलिस की ओर से जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों की जांच की।
पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था राज बहादुर
परिजनों के अनुसार राज बहादुर राम पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे भी हैं। युवक की मौत के बाद पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से वह बेसुध हो गई है। वहीं, दोनों बच्चों की स्थिति भी बेहद भावुक करने वाली थी। परिवार के सदस्यों के चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
हादसा या कुछ और? पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से मुरार थाने में किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया है और न ही किसी व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है।प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शौच आदि के दौरान पैर फिसलने के कारण राज बहादुर नहर में गिर गया होगा और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रथमदृष्टया हादसा लग रहा : एसडीपीओ
डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से भी फिलहाल किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। बावजूद इसके पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि मौत से जुड़े तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत वास्तव में नहर में डूबने से हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है।





