भव्य भंडारे के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का हुआ समापन
भागवत कथा श्रवण करने वाले का जीवन हमेशा सुख में बना रहता है : आचार्य रणधीर ओझा




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के इटाढ़ी नगर पंचायत के स्थानीय नगर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का समापन गुरुवार को विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन के बाद भंडारे की शुरुआत की गई। कथा व्यास के रूप में आचार्य रणधीर ओझा मौजूद रहे।








आचार्य श्री ने बताया कि भागवत पुराण में कहा गया है कि जो कोई भी ईमानदारी से रासलीला को सुनता है या उसका वर्णन करता है वह कृष्ण की शुद्ध प्रेमपूर्ण भक्ति को प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि भागवत के चार अक्षर इसका तात्पर्य यह है कि भा से भक्ति, ग से ज्ञान, व से वैराग्य और त त्याग जो हमारे जीवन में प्रदान करे उसे हम भागवत कहते है। इसके साथ साथ भागवत के छह प्रश्न, निष्काम भक्ति, 24 अवतार श्री नारद जी का पूर्व जन्म, परीक्षित जन्म, कुन्ती देवी के सुख के अवसर में भी विपत्ति की याचना करती है। क्यों कि दुख में ही तो गोविन्द का दर्शन होता है। जीवन की अन्तिम बेला में दादा भीष्म गोपाल का दर्शन करते हुये अद्भुत देह त्याग का वर्णन किया। साथ साथ परीक्षित को श्राप कैसे लगा तथा भगवान श्री शुकदेव उन्हे मुक्ति प्रदान करने के लिये कैसे प्रकट हुए इत्यादि कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया।



उन्होंने कहा की भागवत कथा श्रवण करने वाले का जीवन हमेशा सुख में बना रहता है। साथ ही जीवन में सुख शांति और समृद्धि रहती है। मौके पर श्याम बिहारी पाठक, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, विधायक विश्वनाथ राम, चेयरमैन संजय पाठक, मनोज त्रिगुण, ब्रजेश पाठक, कीर्तन पाठक, सतपाल पाठक, राजेंद्र पाठक, जितेंद्र पाठक, धर्मेन्द्र पाठक, राघवेंद्र पाठक, मनभरन पाठक, राममूर्ति पाठक, राहुल पाठक, सोनल पाठक, दीपू पाठक समेत अन्य मौजूद थे।

