चैती छठ पर युवा शक्ति सेवा संस्थान ने छठ व्रतियों के लिए आम का दातुन, दूध एवं चाय का किया वितरण
रामरेखा घाट पर आस्था और सेवा का संगम, युवाओं ने निभाई सेवा की परंपरा, सुबह 4 बजे से शुरू हुआ सेवा कार्य


न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के पावन अवसर पर बक्सर के रामरेखा घाट पर सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवा शक्ति सेवा संस्थान द्वारा छठ व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
संस्थान की ओर से रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर के ठीक सामने टेंट लगाकर अहले सुबह करीब 4 बजे से ही सेवा कार्य शुरू कर दिया गया। दर्जनों युवा स्वयंसेवक पूरी निष्ठा के साथ व्रतियों के बीच दूध और आम का दातुन वितरित करने में जुट गए। यह व्यवस्था जिले के विभिन्न गांवों और शहर से आए श्रद्धालुओं के लिए की गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए चाय का भी लगातार वितरण किया गया, जिससे ठंड और थकान के बीच उन्हें राहत मिली। इस सेवा कार्य में युवाओं का उत्साह और समर्पण देखते ही बन रहा था।
समाजसेवी रामजी सिंह ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल सेवा है और हर वर्ष छठ व्रतियों की सुविधा के लिए यह कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह परंपरा लगातार जारी रहेगी। इस मौके पर आशुतोष दुबे, मुन्ना सिंह, त्रिभुवन ओझा, मुन्ना पांडेय, दीपक गुप्ता, गोलू गुप्ता, चंदन गुप्ता, संदीप वर्मा, चन्दन जायसवाल सहित कई युवा सक्रिय रूप से सेवा कार्य में लगे रहे और व्रतियों की हर संभव मदद करते नजर आए। रामरेखा घाट पर इस तरह की सेवा व्यवस्था ने न केवल श्रद्धालुओं को सहूलियत दी, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता का एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया।





