करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, निर्माणाधीन मकान में पानी डालने गया था
बक्सर के इटाढ़ी प्रखंड के उनवांस गांव की घटना, झूल रहे बिजली के तार से हुआ हादसा; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत उनवांस गांव में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने नवनिर्मित मकान में पानी डालने गया था, तभी झूल रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार इटाढ़ी प्रखंड के परासी गांव निवासी शंकर साह का 32 वर्षीय पुत्र मुन्ना साह उनवांस गांव में बन रहे अपने नए मकान में पानी डालने गया था। बताया जाता है कि मकान निर्माण स्थल के पास पहले से बिजली का एक तार झूल रहा था, जिसमें धारा प्रवाहित हो रही थी। इसी दौरान मुन्ना साह अनजाने में उस तार के संपर्क में आ गया।
करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मुन्ना साह मेहनती स्वभाव का व्यक्ति था और अपने परिवार के लिए नया मकान बनवा रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।





