महिला अधिकार इकाई की बैठक सम्पन्न, “हर महिला सबल” बनाने का लिया संकल्प



न्यूज़ विज़न। बक्सर
महिला अधिकार इकाई (माई) बक्सर नगर की महत्वपूर्ण बैठक नगर के हनुमान फाटक स्थित डॉ. हिंगमणि जी (पूर्व प्रधानाचार्य, भूमिहार ब्राह्मण उच्च विद्यालय) के आवास पर सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता नगर अध्यक्षा पूनम चौधरी ने की तथा मुख्य मार्गदर्शन माई की सलाहकार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. हिंगमणि जी ने प्रदान किया।








बैठक में संगठन की भावी योजनाओं, नगर स्तर पर चलाए जाने वाले कार्यक्रमों तथा महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के ठोस कदमों पर चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निश्चय किया कि माई का उद्देश्य “हर महिला सबल” केवल एक नारा न रहकर समाज की सच्चाई बने। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व जैसे विषयों पर लगातार कार्य किया जाएगा। डॉ. हिंगमणि जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि महिलाएं न केवल परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की धुरी बनें। उन्होंने माई की कार्यप्रणाली को और सशक्त बनाने पर जोर दिया तथा हर सदस्य से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं को जोड़ें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करें।




नगर अध्यक्षा पूनम चौधरी ने कहा कि बक्सर नगर की प्रत्येक महिला तक माई का संदेश पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए घर-घर संपर्क अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जनजागरण गतिविधियाँ चलाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ेंगी तो समाज की तस्वीर बदलने से कोई नहीं रोक सकता। बैठक में उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे और संगठन के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में “हर महिला सबल” के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।

