महिला ने लगायी फांसी, आत्महत्या या साजिश? पुलिस जांच में जुटी
राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर गांव में हुयी घटना




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत मनोहरपुर गांव के महादलित बस्ती में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर में महिला के फांसी से लटके शव बरामद किए गए। मृतका की पहचान अनिल राम की 22 वर्षीय अर्चना उर्फ़ रिंकू देवी के रूप में हुई है। महिला ने शुक्रवार की देर रात अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।









घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात अर्चना उर्फ़ रिंकू देवी का परिवार के अन्य सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। नाराज होकर महिला अपने-अपने कमरे में चली गईं। देर रात कमरे की छत में लगे कुंडी के सहारे उन्होंने फांसी लगा ली। शनिवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। तुरंत घटना की सूचना स्थानीय चौकीदार के माध्यम से पुलिस को दी गई।




पुलिस और FSL टीम की जांच:
राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मामले के अनुसंधानकर्ता अभिनव कुमार ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है। मृतक अर्चना के पिता सत्यनारायण राम, निवासी सरेंजा गांव, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 26 मई 2024 को अनिल राम से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक-ठाक था, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना शुरू हो गई। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अर्चना देवी को लेकर घर में कुछ समय पहले भी पति के साथ विवाद हुआ था। बाद में परिजनों ने मामला शांत करा दिया था और अर्चना का अपने पति से बातचीत भी बंद हो गई थी। घटना के दिन वह किसी काम से बाहर गया था।
अभी FIR दर्ज नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार:
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने गांव में मातम का माहौल बना दिया है। पुलिस और FSL की जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या थी या किसी गहरी साजिश का हिस्सा। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।

