गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए दुकानदारों को किया जागरूक
स्वच्छता के प्रति दुकानदारों को जागरूक कर रहे नगर परिषद के कर्मचारी


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद की ओर से शहर में स्वच्छता जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है। अभियान के तहत नगर परिषद के प्रशिक्षित ‘स्वच्छता साथी’ घर-घर और दुकान-दुकान जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। वे दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व को समझा रहे हैं।
दुकानदारों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपनी दुकान के सामने डस्टबिन जरूर रखें और ग्राहकों को भी कचरा उसी में डालने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक है । जागरूकता अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जा रहा है।
दुकानदारों को सख्त हिदायत और विनम्र आग्रह किया जा रहा है कि वे शाम को दुकान बंद करते समय कचरा सड़क पर न फेंकें, बल्कि निर्धारित कचरा वाहन को ही सौंपें। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बक्सर की रैंकिंग सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर परिषद प्रशासन ने संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक और व्यवसायी की भागीदारी अनिवार्य है। “स्वच्छ बक्सर, सुंदर बक्सर” के संकल्प को पूरा करने के लिए दुकानदार इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं।





