हमें अपने जीवन के सभी सामाजिक और धार्मिक संस्कारों में पौधरोपण को शामिल करना होगा : बिपिन कुमार
धरती पर हरियाली बचेगी तभी हमें शुद्ध ऑक्सीजन मिल पायेगा




न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आसा पर्यावरण सुरक्षा के बैनर तले गुरुवार को नगर के इटाढी रोड स्थित विश्वनाथ गार्डन के परिसर में पौधारोपण कर धरा को बचाने का संकल्प लिया गया। मौके पर आसा पर्यावरण सुरक्षा के संयोजक विपिन कुमार ने कहा कि जिस तरह से जलवायु परिवर्तन से हमारा इको सिस्टम बिगड़ रहा है ऐसे में हमें सचेत होना होगा नहीं तो आने वाले समय में धरती पर जीवन दादी नानी की कहानी में तब्दील हो जाएगा।







उन्होंने कहा कि पौधारोपण को हमें अपने जीवन के सभी सामाजिक और धार्मिक संस्कारों में शामिल करना होगा तभी हम धरती पर मिट रही हरित चादर को बचा पाएंगे। आसा पर्यावरण सुरक्षा सभी से अपील करता है कि आप अपने पूर्वजों की स्मृति सहित जन्मदिन, शादी, श्राद्ध सहित सभी मौके पर पौधा भेंट करने के साथ साथ उसे लगाएं ताकि इस धरा की हरियाली बची रहे। और हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्राप्त हो सके। पर्यावरण प्रहरी भरत मिश्रा ने कहा कि पौधे हमारे जीवन के आधार है इनके बिना हम जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते है। इस लिए हमें खुद के जीवन के लिए पौधा लगाने के साथ साथ उसे बचाने का संकल्प लेना होगा।

वहीं स्व महंत सिंह हित समूह के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हमारे कृषि के लिए भी पौधे की बहुत महता है कृषक बंधुओं को पौधारोपण को व्यावसायिक रूप में अपनाना होगा जिससे हमारे वातावरण की शुद्धता के साथ साथ आमदनी भी बढ़ेगी। मौके पर स्व महंत सिंह हित समूह के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, विश्वनाथ गार्डन के राज शेखर, भरत मिश्रा, प्रत्यूष मिश्रा, शिक्षक टोडरमल प्रसाद, रोहित कुमार, चंदन कुमार, शिक्षिका सविता कुमारी, कृषि स्नातक की छात्रा कोमल प्रिया, आनंद प्रकाश, पंखुड़ी, शगुन प्रिया, शिवांशिका, चंदन कुमार, लाली राम सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

