बारात से लौटते समय हुए विवाद में युवक को गोली मारकर किया घायल
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की पहचान कर छापेमारी जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव में रविवार की मध्य रात्रि एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बारात से भोज खाकर घर लौट रहे एक युवक को कुछ युवकों ने विवाद के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय शिवम यादव, पिता योगेंद्र यादव, निवासी पुराना भोजपुर के रूप में की गई है।
सूत्रों के अनुसार शिवम देर रात गांव में आई एक बारात से भोज खाकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन से चार युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ी और विवाद के दौरान एक युवक ने गोली चला दी, जो शिवम के कंधे के पास जाकर लगी। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने गंभीर अवस्था में उसे आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घायल को पहुँचाया अस्पताल, स्थिति अब खतरे से बाहर
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस रात करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंची और घायल युवक को अनुमंडल अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल शिवम ने होश में आने के बाद हमलावरों के नाम पुलिस को बताए हैं। हालांकि, पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन थाना में जमा नहीं कराया गया है। इसके बावजूद पुलिस घायल के बयान के आधार पर संभावित आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
गांव में दहशत, पुलिस सतर्क
घटना के बाद पुराना भोजपुर गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है, ताकि किसी अप्रिय स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।





