बक्सर नया बाजार में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन, संघ के शताब्दी वर्ष पर एकजुटता और समरसता का संदेश
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ उद्घाटन, मुख्य अतिथि ने स्वदेशी अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का दिया संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर शहर के नया बाजार बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, विशिष्ट अतिथि डॉ. रामनाथ ओझा एवं कन्हैया पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोहन साह ने की, जबकि मंच संचालन गिरीश कुमार द्विवेदी ने किया।
सम्मेलन की प्रस्तावना जिला प्रचारक अभिषेक भारती ने प्रस्तुत की। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए समिति ने सफाई कर्मियों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति, सभ्यता और परंपरा की रक्षा से ही भारत पुनः विश्वगुरु बन सकता है। उन्होंने संघ की संकल्पना ‘पंच प्राण’ को विस्तार से रखते हुए स्वदेशी अपनाने, पौधारोपण करने, जल संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों का पालन करने, समाज में समरसता का भाव रखने तथा परिवार में संवाद बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित और जागरूक होता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।
वहीं विशिष्ट अतिथि ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। इस दौरान सामूहिक हवन-पूजन का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में अजय वर्मा ने आभार व्यक्त किया, जबकि भारत माता की आरती अवधेश पांडेय ने प्रस्तुत की। मौके पर सुरेंद्र केसरी, शिवजी पासवा, रूक्मणी देवी, प्रमोद कुमार, रामजी तिवारी, संदीप कुमार, मदन केसरी, सोहन लाल, सुजीत कुमार, सुभाष कुमार, विनीता देवी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।





