ACCIDENT

ईद के पूर्व संध्या सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आजाद आलम, हालत गंभीर

परिवार के सदस्य ईद की कर रहे थे खरीदारी इसी बीच हुआ हादसा, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, CCTV जांच की मांग तेज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र के गोलंबर से वीर कुंवर सिंह सेतु जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने 35 वर्षीय आजाद आलम को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल, हालत नाजुक
घटना के तुरंत बाद डायल 112 की टीम ने घायल आजाद आलम को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। घायल के रिश्तेदार सारीपुर निवासी रसीद आलम ने बताया कि वे लोग ईद की खरीदारी के लिए शहर के मुनीम चौक गए हुए थे, तभी पुलिस से हादसे की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि पहले घायल को पटना के पीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन वहां समुचित इलाज नहीं मिलने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल आजाद आलम को होश नहीं आया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

 

पत्नी के इलाज के लिए आए थे बक्सर, बन गए हादसे का शिकार
परिजनों के अनुसार, आजाद आलम अपनी पत्नी के इलाज के सिलसिले में बक्सर आए हुए थे। इसी दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। रसीद आलम ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गोलंबर पोस्ट और वीर कुंवर सिंह सेतु के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button