कृषि मे ड्रोन तकनीकी का उपयोग, महत्व एवं प्रयोग की दी गई जानकारी


न्यूज विजन। बक्सर
कृषि मशीनीकरण का महत्व एवं किसानों के बीच उन्नत कृषि यंत्रों की तकनीकी के प्रति जागरूकता व प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना संस्थान के सहयोग से मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र में किसान मेला सह कृषि उपकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर एसडीओ अविनाश कुमार ने किया।
उन्होंने प्रदर्शनी मे जिले के प्रगतिशील किसानों, एफपीओ, कृषि संस्थानों द्वारा प्रदर्शित स्टॉलों का भ्रमण करते हुए किसानों द्वारा अपनाई गई कृषि तकनीकियों की जानकारी प्राप्त की। कृषि ड्रोन समेत अन्य उपयोगी एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रक्षेत्र मे प्रयोग व प्रदर्शन के माध्यम से उपस्थित किसानों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वादन, दीप प्रज्ज्वलन एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शीर्ष गीत के साथ विधिवत किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ देवकरन ने फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रयुक्त होनेवाले कृषि यंत्र जैसे-स्ट्रॉ बेलर, हैप्पी सीडर, सुपरसीडर, स्ट्रॉ रैक, स्ट्रॉ मल्चर, आदि की तकनीकी जानकारी से किसानों को अवगत कराया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर पटना संस्थान से आमंत्रित विभागाध्यक्ष डॉ उज्ज्वल कुमार ने जीरो टीलेज मशीन का महत्व एवं उपयोग की तकनीकी जानकारी से किसानों को जागरूक किया।
सदर एसडीओ अविनाश कुमार ने किसान एवं कृषि के महत्व पर बल देते हुए बढ़ती जनसंख्या के लिए खाद्य सुरक्षा हेतु कृषि में तकनीकी सबलता एवं स्वरोजगार परख खेती की बात कही। वैज्ञानिक डॉ प्रेम कुमार सुंदरम ने आधुनिक कृषि उपकरणों जैसे लैण्ड लेजर लेवलर, रेज्ड बेड प्लांटर, मल्टी क्रॉप थ्रेसर व प्लांटर, आदि की प्रयोग विधि व महत्व पर तकनीकी जानकारी बताई। डॉ पवन जीत ने कृषि मे ड्रोन तकनीकी का उपयोग, महत्व एवं प्रयोग की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। विशेषज्ञ डॉ रामकेवल ने कस्टम हायरिंग सेंटर द्वारा कृषि उपकरणों की उपलब्धता एवं महत्व विषय पर तकनीकी जानकारी दी तथा उपस्थित उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, बक्सर गरिमा झारिया ने राज्य सरकार द्वारा संचालित यंत्रीकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी से किसानों को अवगत कराया।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ठ स्टॉल हेतु कठार ग्राम के प्रगतिशील किसान दशरथ सिंह (रेज्ड वेड पर सब्जी उत्पादन) तथा दुल्लापुर के बिनोद सिंह (मशरूम स्पॉन एवं मशरूम उत्पादन) को मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर द्वारा तैयार आधुनिक कृषि के नवीन उपकरण एवं ड्रोन तकनीकी का प्रयोग एवं जिला स्तरीय आकस्मिक योजना प्रसार साहित्य का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम मे सहायक निदेशक (पादप सुरक्षा), सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण), आथर पंचायत मुखिया उपस्थित थे। मौके पर दुर्गावती देवी, कविता देवी, लक्ष्मी देवी, सीता देवी, संजय राम, मुक्ति पासवान, अमरजीत पासवान, जर्नादन राम समेत तीन सौ किसान मौजूद थे।





