बक्सर में ट्रक का गेट तोड़ चोरी, 20 हजार नकद व दो बैट्री ले उड़े उचक्के
बाइपास रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास वारदात, खलासी के खाना खाने जाते ही दिया घटना को अंजाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर शहर के बाइपास रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप खड़े एक ट्रक को निशाना बनाते हुए उचक्कों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने ट्रक का गेट तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और दो बैट्री चुरा ली।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव निवासी सत्यनारायण साह के पुत्र विकास कुमार पेशे से ट्रक चालक हैं। बताया जाता है कि नो एंट्री के कारण उन्होंने अपना ट्रक बाइपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया और अपने गांव चले गए थे। इस दौरान ट्रक में खलासी मौजूद था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे खलासी ट्रक को लॉक कर पास के होटल में खाना खाने चला गया। इसी दौरान अज्ञात उचक्कों ने ट्रक का गेट तोड़कर उसमें रखे नकदी और बैट्री पर हाथ साफ कर दिया। खाना खाकर लौटने पर खलासी ने गेट टूटा देखा और तुरंत इसकी सूचना चालक को दी। सूचना मिलने पर चालक मौके पर पहुंचा और चोरी की पुष्टि होने के बाद टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





