OTHERS

ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में “संकल्प 2026” वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा दिल

एसडीपीओ गौरव पांडेय ने किया उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ एआई-रोबोटिक्स शिक्षा की घोषणा, शिक्षकों को मिला सम्मान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में “संकल्प 2026” वार्षिकोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके भीतर आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।

 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. ए. के. सिंह ने रामायण और महाभारत पर आधारित प्रस्तुतियों की विशेष प्रशंसा की। वहीं जूनियर वर्ग के बच्चों द्वारा प्रस्तुत कव्वाली ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी नाटक “भगत सिंह” एवं “द एकर ऑफ डायमंड” की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक धीरज पांडेय ने “संकल्प 2026” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से मोबाइल फोन से दूरी बनाकर शिक्षा और संस्कार पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी सत्र से विद्यालय में एआई एवं रोबोटिक्स कक्षाओं की शुरुआत की जाएगी, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जा सके।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को “विवेक शिक्षा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं अंतिम सत्र में औद्योगिक थाना प्रभारी सुरेश सिंह द्वारा समर्पित शिक्षकों को “एक्सीलेंस टीचिंग अवार्ड” प्रदान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन राहुल सर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उप प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा नेत्री वर्षा पांडेय, पंचायत मुखिया धनजी पांडेय, बीडीसी राकेश यादव, पैक्स अध्यक्ष अजय सिन्हा, नीरज पांडेय, रामनाथ सिंह, गिट्टू तिवारी, डब्लू पाठक, दिनेश दत्त, मुन्ना पांडेय सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button