पत्रकार अशोक ओझा का निधन, हिंदुस्तान समाचार पत्र के जिला कार्यालय में थे कार्यरत



न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के हिंदुस्तान समाचार पत्र के बक्सर कार्यालय से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अशोक ओझा (45 वर्ष) का शनिवार की रात आकस्मिक निधन हो गया। रोज़ की तरह दफ्तर से घर लौटे ओझा मार्केट निकले थे, तभी अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें निजी क्लिनिक और फिर सदर अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।








ओझा जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत देवकुली गांव के मूल निवासी थे और वर्तमान में सोहनीपट्टी में परिवार के साथ रहते थे। पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई थी। बीते 15 वर्षों से अधिक समय तक उन्होंने बक्सर जिले की सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़ी समस्याओं को कलमबद्ध कर आम जनता तक पहुँचाया। उनकी रिपोर्टिंग हमेशा निष्पक्ष और जनहितकारी मानी जाती थी। पूर्व में दैनिक जागरण में कार्य किये और कोविड के बाद हिंदुस्तान समाचार पात्र से जुड़े थे।




श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने कहा कि “अशोक ओझा का जाना पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कलम हमेशा जनहित के लिए चलती रही।” उन्होंने कहा कि अशोक ओझा न सिर्फ एक पत्रकार, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े सजग नागरिक भी थे। उन्होंने कई मुद्दों को उठाकर प्रशासन को जगाने का काम किया और पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य किया। उनके असमय निधन से जिले का पत्रकार समाज गहरे सदमे में है। शहर के गणमान्य लोगों और जिलेभर के पत्रकारों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

