तीसरे दिन भी सोन नहर किनारे चला प्रशासन बुलडोजर




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला प्रशासन निर्देशानुसार सोन नहर अवर प्रमंडल मुख्य नहर की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ अंचलाधिकारी प्रशांत शांडिल्य के उपस्थिति में नगर परिषद् का बुलडोजर तीसरे दिन भी चला। दिन के करीब डेढ़ बजे सीओ, सोन प्रमंडल पदाधिकारी एवं नगर परिषद की टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ पहुंची। उन्हें देखते ही अतिक्रमण करियों के बीच हड़कंप मच गया। लोग खुद से झोपड़ी व कराकट डालकर अस्थाई रूप से बनाए घरों से सामान हटाने लगे।








प्रशासनिक अधिकारी भी उन्हें समय दे रहे थे कि अपने कीमती सामानों को हटा लें अन्यथा बुलडोजर चलने की स्थिति में नुकसान हो जाएगा। अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई लगभग तीन घंटे बीएसएनएल कार्यालय के पीछे चला। अवैध कब्जेधारियों को सीओ ने दोबारा यहां किसी भी तरह की अवैध कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आगे से कोई भी नहर किनारे की जमीन पर किसी भी तरह का स्थाई या अस्थाई निर्माण कराते पकड़े जाएंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोन नहर अवर प्रमंडल की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई आगे भी चलते रहेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को पुनः बाइपास रोड स्थित जय प्रकाश नारायण बस अड्डा से लेकर मृत नहर पुल तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।




