जिले में गैस की किल्लत की अफवाह से एजेंसियों पर भीड़, प्रशासन बोला– पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है एलपीजी
ईरान-इजरायल युद्ध की खबरों के बीच उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता, प्रशासन और एजेंसी संचालकों ने अफवाहों का किया खंडन; सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में एलपीजी गैस की किल्लत की अफवाहों के कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कहीं भी कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं।
दरअसल हाल के दिनों में ईरान-इजरायल युद्ध की खबरों के चलते मध्यमवर्गीय और निम्न वर्गीय उपभोक्ताओं में भविष्य में गैस की कमी होने की आशंका बढ़ गई है। इसी आशंका के कारण लोग समय से पहले ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कई छोटे दुकानदार, जो घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते हैं, वे भी एजेंसियों पर भीड़ लगा रहे हैं। शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गैस की किल्लत संबंधी खबरों का खंडन किया। प्रशासन ने कहा कि बाजार में गैस की कोई कमी नहीं है और पूर्व की तरह नियमित रूप से सप्लाई हो रही है। उपभोक्ताओं को पिछले रिफिल के 25 दिन पूरे होने के बाद ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
एजेंसी संचालकों ने भी दी स्थिति की जानकारी
योगेंद्र नाथ इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर मृत्युंजय दुबे ने बताया कि गुरुवार को लगभग 170 सिलेंडरों का वितरण किया गया था, जबकि शुक्रवार को 200 से अधिक सिलेंडरों का वितरण हुआ। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सर्वर की समस्या के कारण वितरण में थोड़ी परेशानी हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार से योगेंद्रनाथ इंडेन गैस का वितरण वेंडरों के माध्यम से भी किया जाएगा।
\
वहीं सोनमती गैस एजेंसी के संचालक संजय सिंह ने बताया कि एजेंसी पर आने वाले उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर का मैसेज मिलने के बाद ही सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से सर्वर की समस्या के कारण वितरण में कुछ बाधा आई थी, बावजूद इसके गुरुवार को लगभग 200 सिलेंडरों का वितरण किया गया। शुक्रवार को करीब साढ़े 600 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसके कारण एक ट्रक भी खाली नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन का सहयोग मिला तो शनिवार से ठेला वेंडरों के माध्यम से भी गैस वितरण शुरू कर दिया जाएगा। भारत गैस के प्रतिनिधि कमलेश सिंह ने बताया कि उनके यहां भी पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को पिछले डिलीवरी के 25 दिनों के बाद बुकिंग के आधार पर सिलेंडर दिया जा रहा है। इसी तरह राधारमण ग्रामीण वितरण धनसोई के प्रोपराइटर ने बताया कि शुक्रवार को प्लांट से सिलेंडर आने वाले हैं, जिसके बाद शनिवार से गैस वितरण पूरी तरह सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन की नजर है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।





