बक्सर स्टेशन से चोरी का मोबाइल और ज्वेलरी के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बक्सर और जीआरपी बक्सर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।
बरामद सामान में दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन, चांदी की दो सेट पायल, एक आर्टिफिशियल नेकलेस तथा एक सेट आर्टिफिशियल इयररिंग शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने बताया कि सामान की कीमत और चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान महावीर मुसहर (19 वर्ष), पिता मुन्ना मुसहर, निवासी मंगराव, थाना-राजपुर, जिला-बक्सर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उससे चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार गश्त और निगरानी के कारण इस तरह की कार्रवाई संभव हो पाई है। यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।





