चलती ट्रेन में चोरी और चेन पुलिंग गैंग का पर्दाफाश, RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई में 4 अपराधी गिरफ्तार
दानापुर कंट्रोल की सूचना पर BUE-BXR सेक्शन में त्वरित कार्रवाई, मोबाइल, नकदी सहित चोरी का सामान बरामद — स्टेशन यार्ड से चोरी कर भाग रहे दो और आरोपी भी दबोचे गए


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को दानापुर कंट्रोल से मिली सूचना के आधार पर बक्सर रेल पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेन में चोरी की घटना का सफल खुलासा किया। ट्रेन संख्या 01144 में BUE से BXR के बीच चोरी कर चेन पुलिंग के जरिए फरार हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सूचना मिलते ही RPF BXR और GRP BXR की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राज कुमार (21 वर्ष), निवासी पटना साहिब, थाना मालसलामी, जिला पटना और फिरदौस आलम (40 वर्ष), निवासी शास्त्री पार्क, सीलमपुर (दिल्ली), वर्तमान पता दिलदारनगर के रूप में हुई है। जिनके पास से मोबाइल फोन 01, नकद राशि ₹6490, ब्लेड 01 बरामद हुआ है।
स्टेशन यार्ड में भी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार
इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में RPF और GRP की टीम ने बक्सर स्टेशन के पूर्वी यार्ड से यात्री का सामान चुराकर भाग रहे दो अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मंगल (28 वर्ष), निवासी ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) और राम चंद्र माली (30 वर्ष), निवासी कोइलवर, जिला भोजपुर शामिल हैं। इनके पास से बरामद सामान में महिला का पर्स 01, एंड्रॉइड मोबाइल 01, ब्लेड 02 शामिल है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। रेल पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर RPF और GRP की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि यात्रियों का सामान भी बरामद कर लिया गया।





