बक्सर की बेटियों का जलवा : इंटर आर्ट्स में संगम कुमारी बनीं जिला टॉपर
बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट जारी, जिले में खुशी की लहर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट (आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स) का रिजल्ट जारी होते ही बक्सर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें विशेष रूप से बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए सभी का मान बढ़ाया।
संगम कुमारी ने किया टॉप, 466 अंक के साथ बनीं जिला प्रथम
इंटर आर्ट्स संकाय में उच्च विद्यालय कोरान सराय की छात्रा संगम कुमारी ने 466 अंक प्राप्त कर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार एवं विद्यालय में हर्ष का माहौल है। संगम के पिता उमाकांत सिंह और माता संगीता देवी ने बेटी की सफलता पर गर्व जताया।
दूसरे स्थान पर तीन होनहार छात्र-छात्राएं
दूसरे स्थान पर तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने 465 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से स्थान बनाया है एमपी हाई स्कूल बक्सर की प्रज्ञा कुमारी, पिता राजू कुमार मिश्रा, माता ममता देवी, एमपी हाई स्कूल बक्सर की मान्यता वर्मा, पिता विजय कुमार, माता शिला देवी, उच्च विद्यालय मुंगाव के आयुष कुमार, पिता हेमंत कुमार, माता रिंकू देवी है इन सभी छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया है।
तीसरे स्थान पर विशाल कुमार
उच्च विद्यालय इटाढ़ी के विशाल कुमार ने 464 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनके पिता लालबाबू पाल एवं माता मीरा देवी हैं। उनकी सफलता पर भी विद्यालय एवं परिवार में उत्सव का माहौल है।
जश्न का माहौल, मिठाइयों से मना जश्न
छात्र-छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन से जहां शिक्षकों में गर्व की भावना है, वहीं अभिभावक भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर मिठाई खिलाकर और बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। आसपास के लोग भी बच्चों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
बेटियों ने बढ़ाया मान, शिक्षा के क्षेत्र में नया उदाहरण
इस वर्ष के परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। बक्सर की छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम ऊंचा किया है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनी हैं।





