OTHERS

बक्सर में गंगा का रौद्र रूप, खतरा निशान से महज 70 सेंटीमीटर दूर 

हर घंटे 3 सेंटीमीटर की रफ़्तार से बढ़ रहा जलस्तर, दियारा में घुसा पानी, प्रशासन अलर्ट

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

बक्सर में गंगा का जलस्तर अब खौफनाक होता जा रहा है। शुक्रवार की शाम चेतावनी बिंदु पार करने के बाद से गंगा की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। शनिवार सुबह से ही हर घंटे हालात और डरावने होते जा रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार रात 12 बजे गंगा का जलस्तर 59.40 मीटर पर था, लेकिन इसके बाद हर घंटे पानी का बढ़ना तेज हो गया। रात में जहां बढ़त 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे थी, वहीं सुबह होते-होते यह दर दोगुनी हो गई।

 

शनिवार सुबह 6 बजे जलस्तर 59.45 मीटर तक पहुंचा और बढ़ने की रफ्तार 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे हो गई। महज 5 घंटे बाद सुबह 11 बजे गंगा 59.55 मीटर पर जा पहुंची, जो खतरे के निशान से अब सिर्फ 77 सेंटीमीटर नीचे रह गई थी। लेकिन दोपहर होते-होते हालात और बिगड़ गए। दोपहर 1 बजे गंगा का जलस्तर 59.62 मीटर मापा गया जो खतरे के निशान से महज 70 सेंटीमीटर दूर। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बढ़ने की रफ्तार अब 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे हो चुकी है। दियारा के कई गांवों में पानी तेजी से फैलने लगा है, खेत-खलिहान जलमग्न होने लगे हैं और लोग डर के साए में जीने को मजबूर हो गए हैं। जिले में बाढ़ का खतरा हर घंटे गहराता जा रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने दावा किया है कि पूरी तैयारी कर ली गई है और टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं। लेकिन जिस रफ्तार से गंगा का मिजाज बदल रहा है, उसने सभी की चिंता बढ़ा दी है। अगर इसी गति से पानी बढ़ता रहा, तो अगले कुछ घंटों में हालात और भयावह हो सकते हैं। दियारा के लोग घर छोड़कर ऊंची जगहों की तलाश में निकलने लगे हैं। बक्सर में गंगा का यह उफान लोगों के लिए खौफ का पैगाम लेकर आया है।

 

जिले में अलर्ट जारी, प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव टीमों से संपर्क करें। गंगा का बढ़ता पानी हर घंटे नए खतरे की दस्तक दे रहा है। बक्सर के लोग अब दुआ कर रहे हैं कि गंगा का रौद्र रूप जल्द शांत हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button