कला भवन बक्सर में ताइक्वांडो का जलवा: 150 छात्रों ने सीखी आत्मरक्षा की तकनीक
एशियन क्वालिफायर खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, डीएम ओएसडी समेत कई अधिकारियों की मौजूदगी में 22 मार्च तक चलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के कला भवन में शनिवार को ताइक्वांडो से संबंधित सेमिनार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एशियन क्वालिफायर के लिए चयनित खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
खेलों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस निःशुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर में लगभग 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीएम ओएसडी विनीत कुमार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएसओ आलोक कुमार और विशेष अतिथि के रूप में वरीय उप समाहर्ता रवि कुमार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह कार्यक्रम 22 मार्च 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, इस दौरान निःशुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ सकें। कार्यक्रम का सफल संचालन बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार, सचिव संजय सिंह एवं कोच शैलेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शृष्टि, अमन, प्रिंस, विनायक सहित बक्सर स्पोर्ट्स परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वीडियो देखें :





