CRIME

दो दिनों से लापता सफाईकर्मी का शव गंगा नदी में मिला, इलाके में सनसनी

शनिवार से गायब था नगर परिषद कर्मी, गंगा पुल के पास मिला शव; आत्महत्या की आशंका, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के सिविल लाइन मठिया मुहल्ला से दो दिनों से लापता नगर परिषद के एक सफाईकर्मी का शव सोमवार को गंगा नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

मृतक की पहचान बोरा (50) के रूप में की गई है, जो नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। बताया जाता है कि वह शनिवार की सुबह से ही लापता था। इस संबंध में उसकी पत्नी उषा देवी ने टाउन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उषा देवी ने पुलिस को बताया था कि शनिवार की सुबह उनके पति रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकले, लेकिन बिना कुछ बताए अचानक कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तब उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

 

गुमशुदगी की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। इसी दौरान सोमवार को गंगा पुल के पास नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान बोरा के रूप में की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बोरा ने गंगा पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या की होगी, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button