बेलांव गांव में छात्रा ने लगाई फांसी, कमरे में पंखे से लटकता मिला शव
मां के बुलाने पर खुला मामला, सिकरौल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलांव गांव में एक छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बेलांव गांव निवासी मंजू कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छात्रा ने अपने घर के कमरे में पंखे के हुक में दुपट्टा फंसाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई जब उसकी मां उसे खाना खाने के लिए बुलाने कमरे में पहुंची। कमरे में पहुंचते ही मां ने देखा कि मंजू कुमारी पंखे से लटकी हुई है। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। वहीं घटनास्थल पर फोरेंसिक जांच टीम भी पहुंची और मामले की जांच करते हुए कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मामले की पुष्टि करते हुए सिकरौल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि बेलांव गांव की एक युवती ने पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





