बक्सर में अजब प्रेम की गजब कहानी: दो बच्चों की मां ने युवती से की शादी, सुरक्षा की लगाई गुहार
विंध्याचल और अष्टभुजी मंदिर में रचाई शादी, परिजनों से मिल रही धमकियों के बीच प्रशासन से सुरक्षा की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद अनोखा और चर्चित मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। यहां एक दो बच्चों की मां ने एक अविवाहित युवती से प्रेम संबंध के बाद उत्तर प्रदेश के विंध्याचल पहुंचकर शादी रचा ली। शादी के बाद दोनों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन और मीडिया से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगेन गोला थाना क्षेत्र की रहने वाली संध्या देवी, जिनके पति अतवारु यादव एक निजी कंपनी में बाहर रहकर नौकरी करते हैं, के दो बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि संध्या देवी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती थीं। उनके वीडियो को देखकर पड़ोसी गांव की रहने वाली युवती रूबी उनसे प्रभावित हो गई। कुछ दिनों बाद रूबी, संध्या देवी के घर पहुंची और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। पिछले करीब 15 दिनों से दोनों साथ रहकर वीडियो बनाती और समय बिताती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जाता है कि 3 अप्रैल को दोनों घूमने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के विंध्याचल पहुंच गईं। वहां रात बिताने के बाद अगले दिन माता रानी के दर्शन किए। इसके बाद दोनों अष्टभुजी मंदिर पहुंचीं, जहां पंडित और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दोनों ने शादी रचा ली और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर लिया।
शादी की जानकारी जैसे ही रूबी के परिजनों को मिली, उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए दोनों को जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। इससे घबराकर दोनों महिलाएं बक्सर पहुंचीं और मीडिया के सामने आकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। इस दौरान रूबी ने कहा कि वह इस रिश्ते से बेहद खुश हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। वहीं संध्या देवी ने भी कहा कि वे दोनों साथ रहना चाहती हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा है, इसलिए प्रशासन उन्हें सुरक्षा प्रदान करे। बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल से दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस अनोखी प्रेम कहानी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
वीडियो देखें :





