सिद्धाश्रम में श्री राम जन्मोत्सव की धूम, जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा शहर
शहर के आधार दर्जन अखाड़े से रामनवमी पर निकाली गई प्रभु श्रीराम की दिव्य शोभायात्रा


न्यूज विजन। बक्सर
शुक्रवार को सिद्धाश्रम राममय दिखा। पूरा शहर भगवान झंडा से पट गया था। प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर भक्तों का उत्साह देखते बन रहा था। शहर के दर्जनों इलाके से शोभायात्रा निकालने की तैयारी सुबह से हो रही थी। झांकी निकालने के लिए रथ को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा था। कई रथों पर एलइडी स्क्रीन लगा प्रभु श्रीराम और बजरंगबली का पराक्रम का दृश्य दिखाया जा रहा था। राम भक्त रामनवमी पर निकाले जाने वाले शोभायात्रा को यादगार बनाने की तैयारी में जुटे हुए थे। पूरे दिन मंदिरों में प्रभु श्री राम की पूजा अर्चना की गई। प्रभु श्री राम की भक्ति में लोग लीन रहे। यमुना चौक स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। आरती के बाद मौजूद श्रद्धालुओं के बीच हलवा का प्रसाद वितरण किया गया।
शाम के करीब चार बजे शहर के बंगाली टोला स्थित श्री राम जानकी मंदिर, प्रधान अखाड़ा, श्री सर्वेश्वरी रामनवमी पूजा समिति, नेहरू नगर, श्री जई ब्रह्म बाबा रामनवमी पूजा समिति, रामनवमी पूजा समिति, ठठेरी बाजार, श्री रामनवमी पूजा समिति, नया बाजार, श्री रामनवमी पूजा समिति, मठिया मुहल्ला, श्री रामनवमी पूजा समिति, ताड़का नाला, श्री रामनवमी सुरक्षा समिति, ठठेरी बाजार, श्री रामनवमी पूजा समिति, निरंजनपुर समेत अन्य इलाकों से श्री राम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य और आकर्षक झांकी निकाली गई। शहर का नजारा ऐसा दिखा मानों पूरा का पूरा शहर प्रभु राम की भक्ति में सराबोर हो गया हो। झांकी के साथ सैकड़ों लोग केसरिया और पीले रंग का पगड़ी बांधे और परंपरागत हथियारों के साथ प्रभु श्रीराम के जयघोष करते हुए चल रहे थे। वहीं शहर के सभी मुख्य मार्ग के दोनों तरफ भगवान श्री राम के दर्शन के लिए महिला एवं पुरूष श्रद्धालु कतारबद्ध खड़े थे। वहीं घरों के छतों से भी परिवार के लोग भगवान श्री राम का दर्शन कर रहे थे। वहीं समाजसेवी संगठनों के द्वारा चौक चौराहों पर शर्बत का इंतजाम किया गया था।
रामनवमी पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा को लेकर सुबह से ही प्रशासन चौकस रहा। हर चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर सदर एसडीओ अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
वीडियो देखें :





